Visitors have accessed this post 149 times.

सिकंदराराऊ के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में वन महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया और शिक्षकों व विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि पौधे पृथ्वी पर जीवन का सबसे बड़ा आधार हैं। एक छोटा पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरण संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आभूषण किसी व्यक्ति की सुंदरता बढ़ाते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधे धरती को हरा-भरा, स्वच्छ और जीवन के अनुकूल बनाते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने कहा कि वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे वायु प्रदूषण कम होता है और पर्यावरण संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती वनों की कटाई और प्रदूषण के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित करे। कार्यक्रम में शरद शर्मा, अनिल उपाध्याय, श्रीकृष्ण दीक्षित (फौजी), उत्कर्षवर्ती पाठक, केके शर्मा, मनीष शर्मा, आशीष यादव, नैना सैनी, योगिता सैनी, अनुपम तोमर, सोनी यादव, संध्या शर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।

INPUT – NEERAJ GUPTA