Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस : मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले में अपंजीकृत क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दर्शना रोड, मुरसान रोड, इगलास रोड और हाथरस जंक्शन क्षेत्र में संचालित 5 अपंजीकृत क्लीनिक एवं पैथोलॉजी लैबों को तत्काल बंद कराया गया, जबकि अन्य संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि तक पंजीकरण और चिकित्सीय अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में कुछ स्थानों पर बिना पंजीकरण के पैथोलॉजी जांच संचालित होती मिली, कहीं चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ अनुपस्थित पाए गए, तो एक क्लीनिक में आयुर्वेदिक पंजीकरण होने के बावजूद एलोपैथिक दवाएं रखी मिलीं। ऐसे मामलों में संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि जिले में अवैध एवं अपंजीकृत चिकित्सीय संस्थानों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध पंजीकरण स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – RAHUL SHARMA










