Visitors have accessed this post 60 times.
हाथरस के मथुरा रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में साप्ताहिक गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान के अन्तर्गत विद्यालय के प्रबंधक देवेन्द्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य अरुण शर्मा तथा शहर के प्रमुख समाजसेवी गगन गोयल ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को पौधों का वितरण भी किया। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से लगभग 1100 पौधे विद्यार्थियों को वितरित किए गए तथा सभी से अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। सब जूनियर वर्ग के नन्हें विद्यार्थियों के लिए हिंदी राइम्स विद एक्टिविटी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का हृदय जीत लिया। इसके साथ ही सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। माधव चौधरी कक्षा 1 एवं तृप्ति कक्षा 2 प्रथम स्थान, प्रांशी कक्षा 1 व लक्ष्य यादव कक्षा 2 द्वितीय स्थान पर रहे वहीं सीनियर ग्रुप में आरोही यादव (कृष्णा हाउस) व कृपा (गोविंद हाउस) प्रथम, मानसी राज सक्सेना (कृष्णा हाउस) व डिंपल (माधव हाउस) द्वितीय स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सुंदर माध्यम है।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से पौधों का नियमित संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुँचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर अरविंद पाठक, ज्योति सिंह, लक्ष्मी शर्मा, तरुणा वशिष्ठ, हेमा गौड़ आदि उपस्थित रहे।

INPUT – AMIT SHARMA










