Visitors have accessed this post 24 times.
हाथरस : भारत विकास परिषद, हाथरस शाखा द्वारा मथुरा रोड स्थित सुंदर बाग में विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से संपर्क एवं पारिवारिक मिलन, कुटुंब प्रबोधन और युवा संस्कार विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर जीएसटी अधिकारी सुरेंद्र कुमार वर्मा, शाखा संरक्षक आर.सी. नरूला, राकेश मोहन वशिष्ठ, डॉ. बी.पी. सिंह, दिनेश सेकसरिया, शाखा अध्यक्ष जय शर्मा, प्रांतीय गुरु वंदन छात्र अभिनंदन प्रभारी तरुण शर्मा, व्यापार मंडल फेम के मंडल संयोजक एवं जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष संजय गर्ग, नगर मंत्री विजय गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. बी.पी. सिंह और राकेश मोहन वशिष्ठ ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर विचार व्यक्त करते हुए भारतीय परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया। वहीं ऋषि कुमार वार्ष्णेय और तरुण शर्मा ने युवाओं को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया तथा जलविहार और विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेलों के सफल संचालन में अविनाश सिंह, राजकुमार वार्ष्णेय, प्रदीप वार्ष्णेय, आशीष रस्तोगी और जिया रस्तोगी का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिताओं में बाल प्रकाश, वर्षा, ऋषि-संगीता, डिम्पल-प्रदीप तथा राजकुमार-पूजा सहित कई प्रतिभागी विजेता रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और परिवारों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और युवा पीढ़ी में सकारात्मक संस्कार विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
INPUT – AMIT SHARMA











