Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस शहर के गौशाला रोड स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीराम जन्मोत्सव और भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन होते ही पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच भाव-विभोर होकर उत्सव में भाग लिया। कथाव्यास परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने भगवान वामन अवतार, श्रीराम जन्म और भगवान श्रीकृष्ण जन्म की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भगवान धर्म की स्थापना, अधर्म के नाश और भक्तों की रक्षा के लिए समय-समय पर विभिन्न अवतार धारण करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रेम, भक्ति, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई। बाल गोपाल का पंचामृत से अभिषेक, महाआरती और पुष्पवर्षा के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूम उठे और पूरे वातावरण में भक्तिमय उल्लास छा गया। आयोजन समिति के अनुसार कथा के पंचम दिवस भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन, गोवर्धन पूजा तथा छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

INPUT – RAHUL SHARMA











