Visitors have accessed this post 54 times.

हाथरस जिले में मच्छरजनित एवं संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। बुधवार, 12 अगस्त 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी हाथरस के निर्देश पर जिला स्तरीय मलेरिया टीम ने मलेरिया केस के सापेक्ष ब्लॉक महो के ग्राम नयाबास का भ्रमण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से गांव में घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों के लक्षण, बचाव और मच्छरों की रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महो की चिकित्सीय टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में बुखार से पीड़ित ग्रामीणों की जांच के लिए रक्त पट्टिकाएं बनाई गईं तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। इसके साथ ही ग्राम प्रधान के सहयोग से मच्छरों के लार्वा को नियंत्रित करने के लिए एंटीलार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। नाले-नालियों की सफाई सहित मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय टीम में जिला मलेरिया अधिकारी प्रदीप रावत, चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष, आईएफडब्ल्यू अनंत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और बुखार या अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं।

INPUT – RAHUL SHARMA