Visitors have accessed this post 9 times.
हाथरस जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हाथरस के निर्देशन में जिले के प्रत्येक ब्लॉक के 10 टीकाकरण सत्रों पर टीकाकरण बैनर के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लगाया गया। टीकाकरण सत्रों पर आने वाले लोगों को नियमित टीकाकरण के साथ-साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। इसके अलावा ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तिरंगा सेल्फी प्वाइंट बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इन गतिविधियों के माध्यम से जनपद में टीकाकरण के साथ-साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। विभाग का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

INPUT – RAHUL SHARMA











