Visitors have accessed this post 100 times.
सासनी : माध्यमिक शिक्षा निदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में एसबीएस यूनियन स्कूल, सासनी में “एक युद्ध, नशे के विरुद्ध” विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को सकारात्मक संदेश देना था। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के डायरेक्टर एवं प्रमुख शिक्षाविद् डॉ. विकास सिंह ने किया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 9 तक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के दुष्प्रभावों तथा उससे बचाव के संदेशों को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को दर्शाने वाले पोस्टरों ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों और भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. विकास सिंह ने कहा कि विद्यालय शासन एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पूर्ण पालन करता है तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने नशे को व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए विद्यार्थियों से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनका व्यक्तित्व विकास हो सके और वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

INPUT – DEV PRAKASH










