Visitors have accessed this post 115 times.
हाथरस : श्री रेवती मैया मेला के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम, हाथरस द्वारा दाऊजी मंदिर परिसर में भव्य धर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों ने सहभागिता कर आध्यात्मिक विचारों का लाभ प्राप्त किया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता संत श्री श्रद्धानंद जी महाराज ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, सदाचार, प्रेम, शांति, करुणा और मानव सेवा को जीवन में अपनाना ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने विचारों को श्रेष्ठ बनाता है तो उसका सकारात्मक प्रभाव परिवार, समाज और राष्ट्र पर भी पड़ता है। कार्यक्रम की संयोजक बी.के. भावना दीदी ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग के माध्यम से मनुष्य अपने जीवन में शांति, सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों को विकसित कर सकता है। कार्यक्रम का संचालन पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट अतुल आंधीवाल एवं डॉ. नीरज वार्ष्णेय ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान श्यामवीर सिंह चौधरी, आगरा से आए हरिदत्त शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजयोगिनी बी.के. सीता दीदी, जनपद प्रभारी हाथरस का मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन भी प्राप्त हुआ। सम्मेलन के दौरान आध्यात्मिकता, भाईचारे, प्रेम, शांति और श्रेष्ठ संस्कारों का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बी.के. सीमा बहन ने “ढूंढ़ लें ठिकाना आत्मा, ढूंढ़ लें ठिकाना” गीत के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक संदेश दिया। संत श्री श्रद्धानंद जी महाराज के प्रेरक विचारों ने लोगों को धर्म के वास्तविक स्वरूप को समझने तथा अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। अंत में ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम, हाथरस की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित धर्मप्रेमी भाई-बहनों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में बांके बिहारी अपना वाले, अनिल कश्यप, कैलाश चंद्र एडवोकेट, धीरज वार्ष्णेय एडवोकेट, अशोक गुड़ वाले, मुकेश जेवरी, रामगुप्ता प्रेस वाले, मंजू शर्मा, आशू आंधीवाल, कुनाल वार्ष्णेय, डॉली पहलवान, चौधरी राजेंद्र सिंह एवं सेतू शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
INPUT – AMIT SHARMA











