Visitors have accessed this post 97 times.

हाथरस : निदेशक बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विकास भवन सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीच पुष्टाहार से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने संबंधी कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जनपद की आठ बाल विकास परियोजनाओं से कुल 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराए जा रहे पुष्टाहार को अधिक रुचिकर, प्रभावी और पोषणपरक तरीके से उपयोग करने के साथ नवाचार एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों ने पुष्टाहार से तैयार विभिन्न पौष्टिक, स्वादिष्ट और आसानी से बनाए जा सकने वाले व्यंजनों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट व्यंजन तैयार करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मुख्य विकास अधिकारी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस दौरान सीडीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से प्रतियोगिता में प्रदर्शित पौष्टिक रेसिपी को लाभार्थियों तक पहुंचाने और गर्भवती, धात्री महिलाओं तथा बच्चों के बीच पुष्टाहार के बेहतर उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA