Visitors have accessed this post 21 times.

हरदोई। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जिले में विभिन्न खाद्य निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की। टीम ने विकास नगर में बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित बताई जा रही रसगुल्ला निर्माण इकाई पर छापेमारी की। विभाग के अनुसार, यहां अस्वच्छ परिस्थितियों में रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 1.25 क्विंटल रसगुल्ले और लगभग 1 क्विंटल क्षेना मिला। टीम ने रसगुल्ले के दो और क्षेना का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। परिसर में सूजी, डालडा, रिफाइंड तेल और मिल्क पाउडर सहित अन्य सामग्री भी मिली। विभाग के अनुसार, मौके पर मिले खराब एवं बिक्री के लिए रखे खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, संबंधित इकाई के पास वैध खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया और परिसर में स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन नहीं हो रहा था। इसके चलते खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिसर को बंद कराया गया और विधिक कार्रवाई शुरू की गई।
वहीं, सिरौली कासिमपुर, संडीला क्षेत्र में खोया निर्माण इकाई पर भी कार्रवाई की गई। यहां कारोबारी राजेश कुमार के परिसर से खोया के दो और दूध का एक नमूना, कुल तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके पर करीब 100 किलोग्राम खराब दूध मिला, जिसे नष्ट कराया गया।
विभाग के अनुसार, यहां भी बिना वैध खाद्य लाइसेंस कारोबार संचालित किया जा रहा था। इस पर संबंधित इकाई को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लाइसेंस प्राप्त होने तक कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर निगरानी बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।