Visitors have accessed this post 53 times.

हाथरस। हाथरस के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध प्रांतीय लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मेले के तहबाजारी ठेके की नीलामी प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। इस बार ठेका 1 करोड़ 5 लाख 53 हजार रुपये में तय हुआ है। बदायूं की याह-याह एंटरप्राइजेज फर्म ने सबसे ऊंची बोली लगाकर ठेका अपने नाम किया। ठेका राशि के अतिरिक्त नियमानुसार 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान भी किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग की देखरेख में पूरी हुई नीलामी प्रक्रिया के बाद अब मेले की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है। ठेका लेने वाली फर्म जल्द ही मेला परिसर में दुकानों के लिए प्लॉटों का सीमांकन और आवंटन शुरू करेगी। इसके साथ ही झूले, सर्कस, मीना बाजार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान निर्धारित किए जाएंगे। प्रकाश, सफाई और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को भी चरणबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जाएगा।

अगर पिछले वर्षों की बात करें तो वर्ष 2022 में मेले का ठेका 1 करोड़ 31 लाख 51 हजार रुपये में उठा था। वर्ष 2023 में यह 1 करोड़ 16 लाख 5 हजार, 2024 में 1 करोड़ 18 लाख और वर्ष 2025 में 1 करोड़ 19 लाख 19 हजार रुपये जीएसटी सहित रहा था। वहीं कोरोना महामारी के कारण 2020 और 2021 में मेला सांकेतिक रूप से आयोजित हुआ था।

इस वर्ष श्रीदाऊजी महाराज मेले का शुभारंभ 15 सितंबर को बलदेव देवछठ के अवसर पर होगा। करीब 20 दिनों तक चलने वाले इस राज्यस्तरीय मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं।

ठेका तय होने के साथ ही अब दाऊजी मेले की रौनक को लेकर शहरवासियों और कारोबारियों में उत्साह बढ़ गया है। आने वाले दिनों में मेला परिसर में तैयारियां जोर पकड़ने की उम्मीद है।