Visitors have accessed this post 11 times.
बिल्सी। बदायूं के बिल्सी कस्बे में ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी बड़े ही हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ निकाला गया। मोहल्ला नंबर-2 स्थित कादरी पब्लिक स्कूल से शुरू हुआ जुलूस सीताराम तिराहा, थाना मोड़ होते हुए कोठी वाली मस्जिद पहुंचा, जहां शांतिपूर्ण ढंग से समापन हुआ।
जुलूस में उमड़े जनसैलाब ने पूरे नगर का माहौल खुशनुमा बना दिया। खास बात यह रही कि जुलूस मार्ग पर अन्य धर्मों के लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, जबकि जगह-जगह विभिन्न संगठनों की ओर से लंगर का वितरण कर आपसी भाईचारे और इंसानियत की मिसाल पेश की गई। 
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिल्सी थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। पुलिस की बेहतर व्यवस्था के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बिल्सी के अलावा बेहटा गुसाईं, सिरासौल और खैरी सहित कई गांवों में भी जुलूस निकाला गया।
इस मौके पर पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश सागर, पूर्व विधायक हाजी विटन, सपा नेता सर्वेश यादव और योगेंद्र तोमर के प्रतिनिधि डॉ. रामवीर भदौरिया समेत कई प्रमुख लोग जुलूस में शामिल हुए। 
जुलूस में कोठी वाली मस्जिद के इमाम हजरत मोईन, आईशा मस्जिद के इमाम अब्दुल रऊफ, नूरी मस्जिद के इमाम तौसीफ रजा, करबला के शाही इमाम मौलाना उस्मान, सपा नेता रईस अहमद, शाहनवाज अल्वी, सईद अहमद उर्फ शब्लू, इकरार अहमद, रिजवान मलिक, जाविर अल्वी, सरताज अल्वी, जरीफ मलिक, सलीम गौरी, फैजान राईन, शाहिद राईन, गुड्डू फरीदी, वसीम उस्मानी और नसीम राईन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
वहीं, मुस्लिम समाज के लोगों ने नगर में बेहतर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका प्रशासन की जमकर सराहना की।
बिल्सी में ईद-ए-मिलादुन्नबी का यह जुलूस सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अमन, भाईचारे, एकता और सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर पेश करता नजर आया।
इनपुट : सूरज सागर









