Visitors have accessed this post 139 times.

हाथरस। विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधिशासी अभियंता के आदेशानुसार गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को उपकेन्द्र हाथरस टाउन के अंतर्गत हाई लॉस बीसीएम फीडर पर विद्युत चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग करते हुए विद्युत कनेक्शनों और आपूर्ति की जांच की। जांच के दौरान तीन उपभोक्ता विद्युत चोरी करते हुए पाए गए। विद्युत चोरी का मामला सामने आने के बाद विभाग ने तीनों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से विद्युत चोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हाई लॉस फीडरों को चिन्हित कर विद्युत चोरी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चोरी करते पाए जाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम द्वारा आने वाले दिनों में भी ऐसे क्षेत्रों में अभियान जारी रखने की बात कही गई है।