breaking 1

Visitors have accessed this post 21 times.

मुरसान के मथुरा रोड पर धोखाधड़ी के आरोप और फायरिंग के मामले में मुरसान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, बिजनौर जनपद के नजीबाबाद थाना क्षेत्र के किशोरपुरा निवासी आमिर अली अपने साथियों नईम, शावेज और आमिल के साथ थाना मुरसान पहुंचे। शिकायत में बताया गया कि उन्हें व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से ₹50 हजार के बदले दोगुनी रकम देने का लालच देकर मुरसान रेलवे स्टेशन के पास बुलाया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, तय स्थान पर नगला हंसी निवासी मूलचन्द अपने साथियों मानव और कुश के साथ पहुंचा और ₹50 हजार की रकम मांगी। इसी दौरान बैग की जांच करने पर उसमें नोटों की जगह कथित तौर पर रद्दी कपड़े मिले। इसके बाद रुपये देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान मानव ने कथित तौर पर तमंचे से फायर किया। हालांकि, इस घटना में शिकायतकर्ता और उसके साथी बाल-बाल बच गए। घटना के दौरान मूलचन्द को मोटरसाइकिल सहित पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची और मूलचन्द पुत्र हरचरन को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी मूलचन्द को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA