Visitors have accessed this post 15 times.
हाथरस : पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पुरदिलनगर स्थित एन.पी. एस.एस. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन ने सहयोग का अभियान चलाया। बच्चों ने नगर में जन-जागरण और सेवा अभियान के माध्यम से लोगों से आपदा प्रभावित परिवारों की मदद की अपील करते हुए ₹38,293 की सहयोग राशि एकत्रित की। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वयं नगर में भ्रमण कर नागरिकों से राहत कार्य में सहयोग की अपील की। नगरवासियों ने बच्चों के सेवा भाव की सराहना करते हुए अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया। सहयोग अभियान में विद्यार्थियों ने ₹14,293, विद्यालय के प्रधानाचार्य डी.एस. स्नेही ने ₹13,500, पूर्व पालिका अध्यक्ष हाथरस पंडित आशीष शर्मा ने ₹8,000 और निष्कर्ष चौधरी ने ₹2,000 का योगदान दिया। इस तरह कुल ₹38,293 की राशि एकत्रित हुई। विद्यालय प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी हाथरस को औपचारिक पत्र भेजकर सहयोग राशि को नेपाल बाढ़ पीड़ितों के अधिकृत राहत कोष तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया। प्रधानाचार्य डी.एस. स्नेही ने कहा कि बच्चों की उम्र भले ही छोटी हो, लेकिन जरूरतमंदों की मदद करने का जज्बा बड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, करुणा और सामाजिक दायित्व का व्यावहारिक पाठ सीखा है।

सहयोग राशि का डीडी स्वीकार करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में नेपाल के प्रभावित परिवारों के प्रति बच्चों की संवेदनशीलता और सेवा भावना प्रेरणादायी है। प्रशासन की ओर से सहायता राशि को अधिकृत माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

INPUT – RAHUL SHARMA











