Visitors have accessed this post 11 times.

सादाबाद के इस्लामनगर मोहल्ले में एक कुत्ते को रस्सी से बांधकर घसीटने और पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। गौ सेवक दिव्यांश शर्मा ने वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे एक कुत्ते को रस्सी से बांधकर घसीटते हुए ले जाने और लाठी-डंडों से पीटने का वीडियो सामने आया। शिकायतकर्ता का कहना है कि पिटाई के दौरान कुत्ते को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो आसपास के लोगों द्वारा बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में नाराजगी देखने को मिली। गौ सेवक दिव्यांश शर्मा ने पुलिस को वायरल वीडियो उपलब्ध कराते हुए पशु के साथ कथित क्रूरता के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत में बताया कि बेजुबान पशु के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर मामला है। वहीं, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – KANHAIYA LAL