Visitors have accessed this post 95 times.

​हाथरस : श्री दाऊजी महाराज के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में स्थानीय हलवाई खाना स्थित प्राचीन दाऊजी मंदिर में 144वां वार्षिकोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। जन्मोत्सव के विशेष अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री दाऊजी महाराज के दर्शन किए, विधि-विधान से पूजा-अर्चना व भव्य आरती संपन्न की तथा चरणामृत व प्रसाद ग्रहण कर नगरवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
​इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने मंदिर के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हलवाई खाना स्थित इस सिद्ध पीठ का इतिहास ऐतिहासिक किला स्थित मंदिर से भी अधिक प्राचीन है। यह मंदिर नगर की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर और गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां आज 144वां पावन जन्मोत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जा रहा है।
​कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर ‘दाऊजी महाराज की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। दाऊजी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन अपना वाले, शैलेश दीक्षित तथा कन्हैया लाल शर्मा सहित मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और व्यवस्थाओं को संभाला। जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
​आरती के उपरांत आयोजित वृहद भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धाभाव से महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों ने शांतिपूर्ण व भव्य आयोजन के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं व जनसहयोग की सराहना की। इस दौरान क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक, समाजसेवक एवं भारी संख्या में मातृशक्ति व श्रद्धालु उपस्थित रहे

INPUT – RAHUL SHARMA