Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस : श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं तरफरा रोड स्थित आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में 17 सितंबर 2026 को बलदेव छठ का उत्सव धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एड.) ने भगवान बलदेव एवं रेवती मैया के छवि-चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम के दौरान बलदेव छठ के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता ने बताया कि बलदेव छठ का संबंध भगवान श्री बलराम से है। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को ब्रज क्षेत्र में भगवान बलदेव जी का जन्मोत्सव उल्लास के साथ मनाया जाता है। इसी अवसर पर हाथरस स्थित दाऊजी में श्री दाऊजी महाराज मेले का आयोजन भी किया जाता है, जहां मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं दर्शन का आयोजन होता है। संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने भगवान श्री बलदेव जी के जीवन और ब्रज संस्कृति में उनके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवान बलराम, भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई थे और धार्मिक ग्रंथों एवं ब्रज परंपरा में उन्हें विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने भगवान बलराम से जुड़ी ब्रज की विभिन्न धार्मिक मान्यताओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के दौरान श्री दाऊजी महाराज मेले के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि मेले में विभिन्न प्रकार के मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मेले में झूले, जादूगर, कठपुतली शो सहित विभिन्न आकर्षण लोगों के लिए उपलब्ध रहते हैं। बलदेव छठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर शैलकान्ता गुप्ता, प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय, आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या प्रीति यादव, उप-प्रधानाचार्या शाजिया रफीक खान, डॉ. रेखा जादौन, ऋद्धि अग्रवाल, शारदा रावत, निधि अरोरा, हिमांशु वार्ष्णेय, संजय मिश्रा, सत्यवती, पुनीत वार्ष्णेय, पुनीत गुप्ता, जीतू अरोरा, श्याम सिंह सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

INPUT – AMIT SHARMA










