Visitors have accessed this post 7 times.
पुरदिलनगर : वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर, पुरदिलनगर में ‘नमामि भारत–वन्दे मातरम्’ राष्ट्रीय सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यों एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सामूहिक रूप से वन्दे मातरम् के गायन से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पुरदिलनगर के संघ चालक राधेश्याम चैचाणी ने की तथा मुख्य वक्ता जिला निरीक्षक, हाथरस यशपाल रहे। अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्य वक्ता श्री यशपाल ने वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, समर्पण, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वन्दे मातरम् ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना एवं एकता का भाव जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और अनुशासन, परिश्रम, सेवा तथा सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राधेश्याम चैचाणी ने कहा कि देश की उन्नति के लिए नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सम्मान, संस्कार एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में भारतीय संस्कृति एवं श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ एक स्वर में वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। विद्यार्थियों के सामूहिक स्वर से विद्यालय परिसर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। कार्यक्रम में वन्दे मातरम् के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी विद्यार्थियों के साथ साझा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि वन्दे मातरम् सामाजिक एकता, बंधुत्व, मातृभूमि के प्रति सम्मान तथा नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष आनंद गोला, प्रबंधक राजेश कुमार चैचाणी, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र आर्य, समिति सदस्य राजेंद्र प्रकाश गुप्ता, विजय प्रकाश शर्मा,पुष्पकांत शर्मा, हरी गोयल एवं प्रधानाचार्य हरीशंकर शर्मा सहित विद्यालय के समस्त आचार्य परिवार एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, गौरव एवं उन्नति के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA










