Visitors have accessed this post 7 times.

बिल्सी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी में 28 सितंबर को ‘अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस’ के अवसर पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने की। गोष्ठी में महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व, परिवार नियोजन तथा सुरक्षित एवं विधिक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का सुरक्षित स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन बेहद महत्वपूर्ण है। असुरक्षित गर्भपात महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर योग्य चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित, विधिक एवं गोपनीय स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श उपलब्ध हैं। महिलाओं को किसी भी अप्रशिक्षित व्यक्ति या झोलाछाप के झांसे में आने से बचना चाहिए और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या में योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। बीसीपीएम सरवर अली ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों तथा अनचाहे गर्भ से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान स्टाफ नर्स प्रतीक्षा भारद्वाज, लता सक्सेना, पूजा, नाजिया एडवर्ड, नाज़नीन, बीसीपीएम सरवर अली, आशा संगिनी गुड्डो, विद्या एवं फैमिली काउंसलर श्रीमती शशि बाला ने भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में सीएचसी बिल्सी का समस्त स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। अंत में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं एवं आमजन तक सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

INPUT – SURAJ SAGAR