Visitors have accessed this post 9 times.
हाथरस : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हाथरस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकाला और कोतवाली चौराहे पर पहुंचकर नारेबाजी की। इस दौरान ज्ञानेश कुमार के नाम का पुतला भी दहन किया गया। कांग्रेस का यह प्रदर्शन निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर पार्टी की आपत्तियों के बीच हुआ। देश के अन्य हिस्सों में भी कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किए हैं। हाथरस में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखते हुए अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए और इसी मांग को लेकर पार्टी अपना विरोध दर्ज करा रही है।

वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। गौरतलब है कि SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर हाल के दिनों में कांग्रेस और निर्वाचन आयोग के बीच राजनीतिक बहस तेज हुई है। कांग्रेस की ओर से CEC के इस्तीफे की मांग की जा रही है, जबकि निर्वाचन आयोग ने अपनी कार्यप्रणाली और निर्णय प्रक्रिया को लेकर अपना पक्ष रखा है।

प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, करुणेश मोहन दीक्षित, अवधेश बक्सी, धर्मेंद्र गांधी, वेदप्रकाश करदम, विनोद सहयोगी, रामनाथ सिंह, चंद्रभान सिंह, विश्वास भारद्वाज, राजकुमार, अमित सिंह, जुनैद एडवोकेट, मथुरा प्रसाद कुशवाहा, राघवेंद्र चौधरी, शांतनु सेंगर, देशराज कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, ज्ञान प्रकाश कुशवाहा, पवन चौधरी, रोहित कुशवाहा, आबिद अली, राहुल सिंह, ललित शर्मा, शीला देवी कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA











