Visitors have accessed this post 50 times.
हाथरस : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस में नवागत क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय की उपलब्धियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन, कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंक की भूमिका की जानकारी दी। कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों के साथ बैंक के व्यवसाय, ऋण वितरण, ऋण वसूली, एनपीए नियंत्रण, जमा वृद्धि, ग्राहक सेवा और डिजिटल बैंकिंग की समीक्षा की। उन्होंने सितंबर 2026 तक निर्धारित व्यावसायिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्चुअल माध्यम से शाखा प्रबंधकों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक ने गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण, प्रभावी ऋण वसूली, एनपीए में कमी, जमा संवर्धन और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि ग्राहक सेवा बैंक की पहचान है, इसलिए अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों से टीम भावना, अनुशासित कार्यशैली और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पहले पूरा करने का आह्वान किया। साथ ही मार्च 2027 तक निर्धारित व्यावसायिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान एनपीए नियंत्रण, ऋण वसूली और जमा संवर्धन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शाखाओं एवं शाखा प्रबंधकों की प्रशंसा की गई। अन्य शाखाओं को भी प्रदर्शन में सुधार करते हुए बैंक की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उत्कृष्ट ग्राहक सेवा, समर्पित कार्यशैली और सामूहिक प्रयासों के साथ उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक को नई उपलब्धियों की ओर ले जाने का आह्वान किया।

INPUT – AMIT SHARMA











