Visitors have accessed this post 56 times.

हाथरस : ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में संगीत, नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शानदार प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और दर्शक मंत्रमुग्ध नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं उद्घाटनकर्ता पंडित आशीष शर्मा तथा भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि शरद माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती और भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम का संयोजन ताराचंद्र माहेश्वरी ने किया। इस अवसर पर पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि मेला श्री दाऊजी महाराज लोक-संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ उनकी कलात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। मुख्य अतिथि शरद माहेश्वरी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ कला, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती है और उन्हें भविष्य में बड़े मंचों के लिए तैयार करती है।

प्रतियोगिताओं के परिणाम

एकल नृत्य प्रतियोगिता में दून पब्लिक स्कूल ने प्रथम, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर ने द्वितीय और बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज प्रथम, सुरजीबाई बालिका इंटर कॉलेज द्वितीय और डी.आर.बी. इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। एकल गायन प्रतियोगिता में आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज ने प्रथम, दून पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं समूह गायन प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर, लेबर कॉलोनी ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने द्वितीय और सेकसरिया सुशीला देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर संयोजक ताराचंद्र माहेश्वरी ने अतिथियों के माध्यम से विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित कराया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक ताराचंद्र माहेश्वरी ने अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

INPUT – AMIT SHARMA