Visitors have accessed this post 7 times.
मुरसान : थाना क्षेत्र के एक गांव में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पीड़ित परिवार ने कुछ लोगों पर लगातार धमकी देने और दबंगई करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष की कथित धमकियों से वे भयभीत हैं। पीड़ित परिवार ने न्याय नहीं मिलने पर गांव से पलायन करने की चेतावनी दी है। पीड़ित बन्टू चौहान पुत्र पप्पू चौहान निवासी कोटा के अनुसार, 30 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे उनकी पत्नी मैजवी चौहान और भाभी बेबी चौहान घर के अंदर घरेलू कार्य कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के भारत चौहान, गोधन, मुनेश चौहान, उजाला देवी, अनीता देवी और हिना देवी एकराय होकर लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने उनकी पत्नी और भाभी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान भारत, मुनेश और गोधन ने उनकी पत्नी को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ छेड़छाड़ की। मारपीट में दोनों महिलाओं के चोटें आने की बात पीड़ित परिवार ने कही है। मामले में पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते परिवार के सदस्य खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। साथ ही न्याय नहीं मिलने की स्थिति में गांव से पलायन करने की चेतावनी दी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

INPUT – VIRENDRA SHARAM











