Visitors have accessed this post 138 times.
हाथरस : 13 अक्टूबर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर सत्यापन करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी जनसुनवाई के दौरान अपने कार्यालय में उपस्थित रहें और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनके बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। डीएम ने निर्देश दिए कि शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उन्होंने लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहने की हिदायत दी। भूमि विवादों के मामलों में उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे विवादों का स्थायी समाधान हो सके। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने तथा आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
INPUT – RAHUL SHARMA











