Visitors have accessed this post 44 times.

हाथरस : करीब एक महीने से चल रहा कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स यानी सीएचओ का कार्य बहिष्कार आखिरकार समाप्त हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश की ओर से संविदा समाप्त करने की चेतावनी जारी होने के बाद जिले के सभी 144 सीएचओ ने गुरुवार को अपने-अपने तैनाती स्थलों पर पहुंचकर कामकाज शुरू कर दिया। सीएचओ के वापस लौटने से ग्रामीण इलाकों में प्रभावित हो रही स्वास्थ्य सेवाओं को फिर से गति मिलने की उम्मीद जगी है। जिले के सातों विकासखंडों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सीएचओ की तैनाती है, जहां ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सीएचओ पिछले लगभग एक महीने से हड़ताल पर थे। इस दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को इलाज संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए भी जिला अस्पताल और निजी चिकित्सकों के पास जाना पड़ रहा था। स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ रहे इस प्रभाव को देखते हुए विभाग की ओर से सीएचओ को काम पर वापस लौटने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने कड़ा नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर सभी सीएचओ को अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए थे। नोटिस में निर्धारित समय तक ड्यूटी पर नहीं लौटने की स्थिति में संविदा समाप्त किए जाने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बाद गुरुवार को सभी 144 सीएचओ ने हड़ताल समाप्त कर अपने-अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यभार संभाल लिया। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश के अनुसार, जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर सीएचओ के वापस आने से स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो गई हैं। अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था फिर से सुचारु हो गई है।

INPUT – RAHUL SHARMA