Visitors have accessed this post 22 times.

हाथरस जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हाथरस यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के निर्देशन में यातायात प्रभारी अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पहुंचकर वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, कार सवारों को सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई। इसके साथ ही लोगों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया। यातायात प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। हाथरस पुलिस का उद्देश्य जागरूकता अभियान के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

INPUT – RAHUL SHARMA