Visitors have accessed this post 123 times.

हाथरस : दीपावली के उल्लास, भारतीय संस्कृति की छटा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ सेठ मलूक चंद इंटरनेशनल स्कूल, आगरा रोड, हाथरस में 31 अक्टूबर को ‘आगाज – A Celebration of Togetherness’ का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन ने उत्सव, रचनात्मकता, कला और आपसी सौहार्द को एक मंच पर लाने का प्रयास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली के पर्व को केवल रोशनी और खुशियों तक सीमित न रखते हुए स्थानीय प्रतिभाओं, हस्तशिल्प कलाकारों, उद्यमियों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन को एक साझा मंच प्रदान करना था। आयोजन के माध्यम से भारतीय परंपराओं, स्वदेशी उत्पादों और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में दीपावली की सजावट, हस्तनिर्मित कलात्मक वस्तुओं, आकर्षक मोमबत्तियों एवं दीयों, रेजिन आर्ट, आभूषणों, एक्सेसरीज़, हैंडलूम उत्पादों और विभिन्न रचनात्मक वस्तुओं से जुड़ी प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। गेमिंग ज़ोन और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन को उत्साहपूर्ण एवं पारिवारिक स्वरूप प्रदान किया
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, चिकित्सकों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, भाजपा उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी तथा निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इनके साथ ही सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र में सक्रिय निमेष वार्ष्णेय और प्रज्ञा वार्ष्णेय की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशिष्ट गरिमा प्रदान की।
सासनी के चेयरमैन की धर्मपत्नी एवं वाष्र्णेय समिति की अध्यक्षा प्रगति वाष्र्णेय की उपस्थिति भी आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही। हाथरस के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA), चिकित्सकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक वर्गों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इस आयोजन को शहर के व्यापक सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक बनाया। ‘आगाज’ का संदेश स्पष्ट रहा—जब समाज के लोग एक साथ आते हैं, तो उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यादगार अनुभव बन जाता है।

INPUT – BUREAU REPORT