Visitors have accessed this post 79 times.

सादाबाद : उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के लिए दुखद खबर सामने आई है। हापुड़ जनपद में तैनात उपनिरीक्षक (एसआई) चौधरी लक्ष्मण सिंह का ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग के साथ-साथ उनके पैतृक गांव नगला ठाड़ा (नौगांव) में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौधरी लक्ष्मण सिंह मूल रूप से हाथरस जिले की सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव नगला ठाड़ा (नौगांव) के निवासी थे। वर्तमान में उनकी तैनाती हापुड़ जनपद में थी। बताया गया कि रात्रि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हार्ट अटैक आने के कारण उनका निधन हो गया। सुबह इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया। देर रात जब दिवंगत उपनिरीक्षक का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नगला ठाड़ा पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। पार्थिव शरीर को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

दुखद समाचार मिलने पर स्थानीय विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया भी गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया। इसके बाद क्षेत्र के गणमान्य लोगों, परिजनों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दिवंगत उपनिरीक्षक चौधरी लक्ष्मण सिंह को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र सलामी देकर अपने साथी अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी के असामयिक निधन से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

INPUT – KANHAIYA LAL