Visitors have accessed this post 44 times.
हाथरस शहर कांग्रेस कमेटी हाथरस के तत्वावधान में मोहनगंज स्थित कैम्प कार्यालय पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को इस दुनिया से विदा हुए भले ही छह दशक से अधिक समय बीत गया हो, लेकिन आज भी वे देश की जनता के दिलों में जीवित हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की चेतना, प्रगतिशील विचारधारा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रतीक थे। उन्होंने भारतीय राजनीति को तरक्की, शालीनता और मानवीय मूल्यों के संस्कार दिए। योगेश कुमार ओके ने कहा कि वर्ष 1947 में आजादी के समय भारत गरीबी, अशिक्षा, अंधविश्वास और अनेक आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे कठिन दौर में पंडित नेहरू ने दूरदर्शी नेतृत्व प्रदान करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण की मजबूत नींव रखी। वे शांति के समर्थक होने के साथ-साथ देश को प्रगति और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे ले जाने वाले महान नेता थे। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंडित नेहरू का नाम इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र निर्माण में दिया गया योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर पंडित नेहरू को देश की आत्मा, मानवता का उपासक और आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए उन्हें कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पूर्व शहर अध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, करुणेश मोहन दीक्षित, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश बख्शी, अजीत गोस्वामी, कृपेंद्र सिंह चौहान, अशोक कुमार गुप्ता, गोविंद शरण चतुर्वेदी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
INPUT – RAHUL SHARMA











