Visitors have accessed this post 22 times.
हाथरस के दून पब्लिक स्कूल में आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को “बाल दिवस” के हर्षोल्लासपूर्ण अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर व सीबीएसई डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर जे.के. अग्रवाल के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए विविध मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उल्लास, उमंग, रोमांच और मनोरंजन के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा नर्सरी से द्वितीय तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए विशेष ‘हैलोवीन पार्टी’ का आयोजन किया गया। बच्चे काले एवं सफेद रंग के आकर्षक परिधानों में भूत-प्रेत, तांत्रिक, मंजुलिका, बैटमैन, स्पाइडर-मैन, ज़ॉम्बी, ड्रैकुला एवं ममी जैसे विभिन्न रामोंचकारी और काल्पनिक पात्रों का रूप धारण कर विद्यालय पहुँचे।
उनके चेहरे पर लगे आकर्षक मास्क और अनोखी वेशभूषा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य महोदय का अनूठे एवं आकर्षक अंदाज में स्वागत कर वातावरण को रोमांच और हँसी-खुशी से भर दिया।
हैलोवीन पार्टी के दौरान कक्षावार विशेष प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया। नर्सरी के विद्यार्थियों ने ‘भूतनाथ के साथ पार्टी’, एल.के.जी. एवं यू.के.जी. के विद्यार्थियों ने ‘भूत राजा बाहर आजा’ तथा कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने ‘डांस का भूत’ जैसी मनोरंजक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों ने हॉरर डांस, ब्लडी मैरी, ‘राम जी आकर भला करेंगे’, ‘भूत बंगला’ एवं ‘शैतान’ गीतों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम में रोमांच का अनूठा रंग भर दिया।
वहीं कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार की इनडोर एवं आउटडोर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ सहभागिता की। दूसरी ओर कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षक एवं विद्यार्थियों के मध्य एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। इस रोमांचक मुकाबले ने खेल भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे अनमोल पूँजी और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होते हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों से जोड़ना भी है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता, रचनात्मकता, सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने बचपन का आनंद लेते हुए जीवन में निरंतर सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
समग्र रूप से “बाल दिवस” का यह आयोजन मनोरंजन, रचनात्मकता, खेल भावना और उल्लास का सुंदर संगम रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इस दिन का आनंद लिया और अनेक सुखद स्मृतियों के साथ अपने “बाल दिवस” को यादगार बनाया।
INPUT – RAHUL SHARMA










