Visitors have accessed this post 4 times.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। उनके निधन पर हाथरस जनपद के कस्बा सादाबाद स्थित आदर्श महिला एवं बाल कल्याण संस्था के जिला कार्यालय पर शोक सभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रेखा राणा ने पदाधिकारियों के साथ दिवंगत सावित्री देवी के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक आदर्श महिला थीं। उन्होंने अपने बेटे को देश और धर्म की सेवा के लिए समर्पित किया। आज पूरा महिला समाज उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित करता है। रेखा राणा ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान उन्होंने सावित्री देवी के सादगीपूर्ण जीवन की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में सामान्य पद मिलने पर भी लोग अपने रहन-सहन और संपत्ति में दिखावा करने लगते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री की माता होने के बावजूद सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित पुराने घर में सादगी से जीवन व्यतीत करती रहीं। उन्होंने कहा कि यह सादगी भारतीय संस्कारों और उच्च विचारों का उदाहरण है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सत्ता को परिवार की सुख-सुविधाओं का माध्यम बनाने के बजाय जनसेवा का माध्यम बनाया है। देश और समाज को ऐसे संस्कारों की आवश्यकता है। संस्था की ओर से दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन और आदर्शों को याद किया गया।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH











