Visitors have accessed this post 16 times.

जनपद हाथरस के सासनी क्षेत्र में APK फ्रॉड के जरिए साइबर ठगी का मामला सामने आया है। महमूदपुर गांव निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी चेतन शर्मा पुत्र सत्येंद्र कुमार शर्मा के बैंक खाते से साइबर ठगों ने कथित तौर पर 25,400 रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, यह रकम फोन-पे ऐप के माध्यम से निकाली गई, जबकि उन्होंने न तो कोई ओटीपी साझा किया और न ही किसी लेनदेन की अनुमति दी थी। जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजकर 4 मिनट पर चेतन शर्मा के मोबाइल फोन में संदिग्ध गतिविधि हुई। आरोप है कि APK फ्रॉड के माध्यम से उनका मोबाइल डिवाइस हैक हो गया। इस दौरान करीब 30 मिनट तक मोबाइल स्क्रीन पर अपडेट मोड प्रदर्शित होता रहा। मोबाइल सामान्य होने के बाद जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की तो खाते से 25,400 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम थाना कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने, ठगी गई धनराशि वापस दिलाने और साइबर ठगी में शामिल आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

**अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें**

पीड़ित ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या APK फाइल को मोबाइल में डाउनलोड न करें। मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध अपडेट, मैसेज और ऐप इंस्टॉल करने के अनुरोध से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और आधिकारिक वेबसाइट https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान ऐप को मोबाइल में इंस्टॉल करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।

INPUT – DEV PRAKASH DEV