Visitors have accessed this post 933 times.

सादाबाद : तेज आंधी तूफान में दो मकानों की छत और दीवार गिर गईं। एक मकान का मुख्य गेट ढह गया। इन हादसों में दो महिलाएं भी घायल हुईं और अन्य कई लोग बाल बाल बच गए। जिनका उपचार कराया गया। गांव सलेमपुर में भी तेज आंधी आने की वजह से सुरेंद्र सिंह पुत्र हरी सिंह के पक्के मकान की छत भी ढह गई। इस वजह से मकान के अंदर सो रहे सुरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी रामवती भी बाल बाल बच गए। रामवती के चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। इधर, छत के गिरने से छत के ऊपर और कमरे में रखा हजारों रूपये का सामान भी मलबे के नीचे दबकर नष्ट हो गया। सूचना गांव निवासी अरूण शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को दी, जिसके बाद मौके पर लेखपाल आमिर खान और आरआई देवीशरण शर्मा भी पहुंच गए। इन लोगों ने नुकसान का जायजा लिया। देवीय आपदा राहत कोष के तहत पीडि़त को मदद दिलाई जाएगी। गांव नगला पचौरी गुतहरा में भी देवी सिंह पुत्र तोताराम के मकान की दीवार ढह गई। टीनशेड भी गिर गया। इस वजह से देवी सिंह को काफी नुकसान झेलना पड़ा। मौके पर लेखपाल नरेंद्र देव पहुंच गए और नुकसान का जायजा लिया और पीडि़त को दैवीय आपदा के तहत मदद दिलाने का आश्वासन दिया। सादाबाद के मौहल्ला राजनगर नई बस्ती निवासी सत्यप्रकाश त्यागी के मकान का मुख्य गेट भी धड़ाम से गिर गया। इस हादसे में सत्यप्रकाश की पत्नी के पैर में गंभीर चोट आईं। इनका उपचार कराया गया है।

इनपुट : अखिलेश वाष्णेय