Visitors have accessed this post 451 times.

जिला मुख्यालय पर मंडी, ब्लॉकों को पर हुए भव्य कार्यक्रम, अफसरों व जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ

लखीमपुर खीरी 23 दिसंबर 2021 : गुरुवार को शासन के निर्देश पर कृषि विभाग के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर मंडी समिति व ब्लॉक स्तर पर चौधरी चरण सिंह भूतपूर्व प्रधानमंत्री का जन्म जयंती किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई गई।

जिला मुख्यालय पर कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर में कृषि सम्मान दिवस का शुभारंभ डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सीडीओ अनिल सिंह, ब्लाक प्रमुख लखीमपुर दिव्या सिंह के साथ चौधरी चरण सिंह (भूतपूर्व प्रधानमंत्री) के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप जलाकर किया। इस मौके पर जिले के कृषि, उद्यान, गन्ना व पशुपालन के क्षेत्र में 32 प्रगतिशील किसानों को अधिक उत्पादन एवं क्रॉप कटिंग परिणाम के आधार पर अधिक उपज प्राप्त करने पर सम्मानित हुए। वहीं जिले के दो किसानों को प्रदेश स्तर पर तिल उत्पादन में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मौजूद किसानों को किसान सम्मान दिवस की शुभकामनाएं देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। जिन किसानों को आज सम्मानित किया जा रहा उनसे प्रेरणा लेकर अन्य किसानों को भी अपने उत्पादन में वृद्धि करके अपनी आय बढ़ानी चाहिए, ताकि वह भी अगले वर्ष सम्मानित हो सके। केंद्र व प्रदेश सरकार की किसानपरक योजनाओं को अपनाकर अपना भविष्य संवारे। सीडीओ अनिल सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हितार्थ अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। किसानों की लागत को घटाने एवं उनकी आय बढ़ाने को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। आज सम्मानित होने वाले सभी प्रगतिशील किसानों को शुभकामनाएं देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने चौधरी चरण सिंह के कृतित्व व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डीडी कृषि डॉ योगेश प्रताप सिंह ने किसान सम्मान दिवस की प्रासंगिकता व आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ पीके विसेन में रबी फसल उत्पादन, जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने कृषि निवेश की उपलब्धता, विभागीय योजनाए, डीएचओ दिग्विजय ने उद्यान विभाग में संचालित योजनाये, जिला प्रबंधक नाबार्ड ने एफपीओ गठन, महत्वता, पीपीओ ने फसल सुरक्षा की सम सामायिक जानकारी व कृषि वैज्ञानिक डॉ मो. सुहेल ने ओद्यानिकी फसलों एवं जैविक खेती की जानकारी दी। किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम में जिले के कृषि, उद्यान, गन्ना एवं पशुपालन के क्षेत्र में 32 प्रगतिशील किसानों को अधिक उत्पादन एवं क्रॉप कटिंग परिणाम के आधार पर अधिक उपज प्राप्त करने वाले कृषकों को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सीडीओ अनिल सिंह, ब्लाक प्रमुख दिव्या सिंह के साथ सम्मानित किया। प्रथम स्थान वाले किसान को सात हजार व द्वितीय स्थान वाले किसान को पांच हजार की धनराशि के स्वीकृति पत्र एवं शाल भेंट, माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि पुरस्कार धनराशि उनके खातों में आरटीजीएस के जरिए भेज दी गई है।

खीरी के दो किसानों ने अपनी खेती किसानी से प्रदेश में बढ़ाया मान, पाया पुरस्कार
राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर जनपद खीरी के दो किसानों ने मान बढ़ाया। प्रदेश के कृषि मंत्री उप्र सूर्य प्रताप शाही ने बांकेगंज ब्लॉक के किसान रामानंद ने तिल की उत्पादन में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करके 75 हजार का पुरस्कार एवं ब्लाक कुंभी के किसान दिनेश कुमार ने भी तिल उत्पादन में तृतीय स्थान प्राप्त करके 50 हजार का नगद पुरस्कार प्राप्त किया।

डीएम ने किया कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ, देखे स्टाल
कृषि सम्मान दिवस के कार्यक्रम में लगी कृषि प्रदर्शनी का डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सीडीओ अनिल सिंह के साथ फीता काटकर शुभारंभ किया। स्टालों पर मौजूद अफसरों से किसानपरक योजनाओं की जानकारी ली। इस कृषि प्रदर्शनी में कृषि, कृषि रक्षा, पशुपालन, उद्यान, गन्ना, रेशम, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, इफ्को, किसान घर, अभिमन्यु एग्रो, शारदा फर्टिलाइजर, मूसाराम शिवरामदास फर्टिलाइजर, एग्री क्लीनिक, केंचुआ खाद उद्योग केंद्र पिपरा करमचंद, बायर क्रॉपसाइंस, कृभको महेवागंज, दयाल फर्टिलाइजर, गोविंद शुगर मिल, अवध शुगर मिल सहित कुल 20 स्टाल लगाए गए।

इनका हुआ सम्मान :
कृषि : धान में अधिक उत्पादन किसान रामाधीन प्रथम, पूरनलाल द्वितीय, तिल उत्पादन में किसान रामसुमेर प्रथम, मंजू देवी द्वितीय, गेहूं उत्पादन में किसान हंसराम ने प्रथम, सतीश ने द्वितीय, सरसों उत्पादन में रामाधार ने प्रथम, बनवारी लाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित हुए।

उद्यान : केला उत्पादन में किसान बैजनाथ प्रथम, उदय पाल सिंह द्वितीय, मसाला मिर्च में बैजनाथ प्रथम, श्रीप्रकाश द्वितीय, फूलगोभी में दीपक कुमार प्रथम, रामपाल मौर्य द्वितीय, संकर टमाटर में नत्था लाल प्रथम, चेतराम द्वितीय प्राप्त करने पर सम्मानित किए गए।

गन्ना : गन्ने पौधा में गुरदीप सिंह, नत्थू लाल, सिकंदर कौर, अमित कुमार ने प्रथम स्थान व मनजीत सिंह मोहन नारायण सिंह दामोदर प्रसाद ने द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया

पशुपालन : दुग्ध उत्पादन में गुरदयाल सिंह रामनरेश ने प्रथम व अंश पांडे रितेश कुमार ने द्वितीय, अंडा उत्पादन में शकील अहमद खान प्रथम मंगल जीत सिंह ने द्वितीय, बकरा बकरी मांस उत्पादन में राम प्रकाश वर्मा रजनीश कुमार मौर्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया।