Visitors have accessed this post 27 times.

हाथरस : महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अतुल वत्स, जिलाधिकारी हाथरस एवं चिरंजीव नाथ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा संयुक्त रूप से कांवड़ियों के मुख्य आवागमन मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को अधिकारियों ने सिकन्द्राराऊ–हाथरस मार्ग का निरीक्षण करते हुए पंत चौराहा जाऊ नहर पुल, खारजा नहर पुल, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास कट सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकन्द्राराऊ, क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ, थाना प्रभारी सिकन्द्राराऊ, थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन सहित एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। कांवड़ियों को सामूहिक जत्थों में सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए।
जिलाधिकारी द्वारा एनएचएआई को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पैचिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, निर्माणाधीन स्थलों पर रोड सेफ्टी साइनेंज लगाने एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संकरे मार्गों को चौड़ा करने, फुटपाथ निर्माण, रात्रिकालीन आवागमन के लिए रिफ्लेक्टर लगाने एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
कांवड़ यात्रियों के ठहराव हेतु बनाए जाने वाले शिविरों में विद्युत, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, बैठने की व्यवस्था, चारपाई, स्वल्पाहार, साफ-सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक हाथरस ने मुख्य चौराहों, संवेदनशील स्थलों एवं मंदिरों पर चौबीस घंटे पुलिस बल तैनात रखने, ड्यूटी नियमित रूप से चेक करने एवं बरेली–कासगंज–मथुरा मार्ग पर भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग हेतु जगह-जगह बैरियर लगाए जाएंगे तथा कांवड़ियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। हाथरस पुलिस एवं प्रशासन कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्थित यातायात बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।