Visitors have accessed this post 58 times.

हाथरस : मेरा युवा भारत, हाथरस (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से बुधवार को DIET कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद एवं ‘अपने वोट को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाथरस नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद युवा आइकॉन अश्विनी चौहान ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विषय पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवाओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया और इससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी और छात्र-छात्राओं के बीच हुआ खुला संवाद रहा। इस दौरान युवाओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और मतदान से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका श्वेता चौधरी ने जवाब दिया। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व को समझाते हुए अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक शपथ ली तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने और जागरूक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदाता जागरूकता, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी देकर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

INPUT – RAHUL SHARMA