Visitors have accessed this post 16 times.

हाथरस : आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को जनपद में अभियान चलाकर विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावट के संदेह में चार खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि सहपऊ स्थित एक मिठाई की दुकान पर 10 किलोग्राम रंगीन बूंदी को नष्ट कराया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मनोज कुमार सिंह तोमर के आदेश और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मोहनगंज घंटाघर स्थित राधे प्रोविजन स्टोर से तिल के तेल, घंटाघर स्थित लाल रामगोपाल इमरती वाले की दुकान से परवल छैना मिठाई, मानिकपुर सादाबाद में धर्मेंद्र के यहां से मिश्रित दूध तथा सादाबाद के माधव कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित अरिका स्वीट्स से छैना का नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा सहपऊ स्थित कान्हा स्वीट्स पर निरीक्षण के दौरान 10 किलोग्राम रंगीन बूंदी को नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी चार नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार गोंड, करतार सिंह एवं पारुल सिंह मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

INPUT – RAHUL SHARMA