Visitors have accessed this post 109 times.

हाथरस, 23 फरवरी 2026।
मीजिल्स-रूबैला (एमआर) अभियान के अंतर्गत सोमवार को ब्लॉक हसायन में चल रहे टीकाकरण सत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा० एम०आई० आलम, वी०सी०सी०एम० श्री दिनेश सिंह तथा डी०सी० जे०एस०आई० श्री सतेन्द्र कुमार द्वारा अपरान्ह 1:30 बजे किया गया।
सरोजदेवी इंटर कॉलेज, पिछैती में निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एएनएम ललितेश कुमारी एवं आशा संतोष कुमारी द्वारा सत्र का संचालन किया जा रहा था, लेकिन एएनएम के पास बच्चों की नामावली उपलब्ध नहीं थी।
विद्यालय में पंजीकृत 90 बच्चों में से 39 बच्चों को एमआर टीका लगाया जा चुका था, जबकि यूविन पोर्टल पर मात्र 28 बच्चों की ही एंट्री दर्ज की गई थी।
इसके अतिरिक्त, ब्लॉक स्तर से सत्र की कोई मॉनिटरिंग नहीं कराई गई थी, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को संबंधित एएनएम एवं सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण प्राप्त कर स्पष्ट आख्या सहित दो कार्य दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एमआर टीकाकरण सत्र – नगला शेखा
दूसरे निरीक्षण में नगला शेखा स्थित दो विद्यालयों में आयोजित सत्र की समीक्षा की गई। यहां एएनएम आरती द्वारा 77 पंजीकृत बच्चों में से 53 बच्चों को एमआर टीका लगाया जा चुका था।
हालांकि एएनएम के पास बच्चों की सूची उपलब्ध नहीं थी, लेकिन यूविन पोर्टल पर बच्चों की एंट्री समय पर की जा रही थी। निरीक्षण में एएनएम का कार्य संतोषजनक पाया गया।
यहां भी ब्लॉक स्तर से किसी प्रकार की मॉनिटरिंग नहीं कराई गई थी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एमआर अभियान के सफल संचालन एवं 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में सभी सत्रों में आवश्यक अभिलेख एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।