Visitors have accessed this post 61 times.
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में एटा-अलीगढ़ जीटी रोड पर सोमवार, 12 अक्टूबर की तड़के एक सड़क हादसा हो गया। सरदला पुल के पास धान से लदे ट्रैक्टर में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार टकरा गई। हादसे में कार सवार करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सरदला पुल के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब पांच बजे एटा की ओर से धान से लदा एक ट्रैक्टर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
हादसे में कार सवार लालाराम पुत्र मथुरा प्रसाद (करीब 70 वर्ष), निवासी गांव मधुबा, थाना गुरसहायगंज, जिला कन्नौज; चालक अविनेन्द्र पुत्र शिवनाथ (करीब 31 वर्ष), निवासी गांव हरजापुर, थाना बेवर, जिला मैनपुरी; और आशीष पुत्र लालाराम (करीब 30 वर्ष), निवासी गांव मधुबा, जिला कन्नौज, घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने लालाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अविनेन्द्र और आशीष को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस मोर्चरी भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया गया। प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

INPUT – NEERAJ GUPTA











