Visitors have accessed this post 10 times.

हाथरस : ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सियासत तेज हो गई है।
इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मोहनगंज स्थित पार्टी कैंप कार्यालय पर एकत्रित हुए। इसके बाद जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में तिरंगा झंडा हाथ में लेकर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज एफआईआर झूठी है और इसकी स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता की संवैधानिक मर्यादा की रक्षा की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोई सक्षम अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, जिससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अधिकारियों से लंबी वार्ता और तीखी नोकझोंक के बाद आखिरकार अपर जिलाधिकारी (न्याय) धरना स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
धरना सभा की अध्यक्षता पूर्व प्रदेश सचिव पंडित ब्रह्मदेव शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। वहीं अन्य वक्ताओं ने कहा कि शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट संत समाज और सनातन धर्म की गरिमा पर प्रहार है।
धरना-प्रदर्शन में कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

INPUT – BUREAU REPORT