Visitors have accessed this post 21 times.
हाथरस जनपद के कस्बा पुरदिलनगर में स्थित ऐतिहासिक दंगल परिसर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित सर्व समाज के लोगों ने होली पर्व, मेला फूल डोल, दंगल एवं अन्य पारंपरिक आयोजनों के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इसी मुद्दे को लेकर मेला कमेटी अध्यक्ष सुरेश चन्द्र आर्य के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल हाथरस के सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि से मिला और पूरे मामले से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने सांसद को बताया कि दंगल परिसर की भूमि पर अवैध रूप से पट्टा कर कब्जा किया गया है, जिससे नगर की वर्षों पुरानी परंपराओं और धार्मिक आयोजनों पर संकट खड़ा हो गया है। इस विषय में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि ने तुरंत जिला अधिकारी और उपजिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर दंगल परिसर से जुड़े अवैध पट्टे को निरस्त करने तथा कब्जे पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन जल्द ही उचित कार्रवाई करेगा।
सांसद ने प्रतिनिधिमंडल से यह भी कहा कि पुरदिलनगर की ऐतिहासिक परंपराओं और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली का पावन पर्व, मेला फूल डोल और दंगल जैसे पारंपरिक आयोजन पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मेला कमेटी अध्यक्ष सुरेश चन्द्र आर्य, नगर पंचायत चेयरमैन हर्षकांत कुशवाह, बंटी आर्य, बॉबी जाखेटिया, सचिन दीक्षित, संजय दुबे, विनीत जाखेटिया, सोनू व्यानी, वरुण राठी, राजवीर कुशवाह, नवीन कुशवाह, ऋषिपाल बघेल, विष्णु शर्मा, राजाबाबू सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
INPUT – PUSHPAKANT SHARMA











