Visitors have accessed this post 113 times.

हाथरस। विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल, हाथरस के तत्वावधान में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आगरा मार्ग, हाथरस में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक जनपद हाथरस रामानन्द कुशवाहा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि अनिल सिसौदिया (प्रधान) ने भी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आगरा मार्ग के अध्यक्ष श्री शरद तिवारी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कबड्डी जैसे प्राचीन भारतीय खेल न केवल सामूहिक सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत संगठन के पदाधिकारियों द्वारा पीत वस्त्र पहनाकर, पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम को ₹3100 का नगद पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को ₹2100 का नगद पुरस्कार ट्रॉफी के साथ प्रदान किया गया। सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नरेश प्रधान, श्याम प्रधान, विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी, विभाग संयोजक बजरंग दल हर्षित गोड़, जिला संगठन मंत्री देवराज, विद्यालय प्रधानाचार्य देवेश समाधिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, जिला संयोजक बजरंग दल अनमोल अग्निहोत्री, जिला सह संयोजक किशन भारती, जिला सुरक्षा प्रमुख छोटूराणा, सह सुरक्षा प्रमुख शिवम शर्मा, जिला सोशल मीडिया प्रमुख चेतन यादव, सह सोशल मीडिया प्रमुख तरुण शर्मा, नगर उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद राजीव सिंह, नगर मंत्री विजय गुप्ता, सह मंत्री प्रशांत खंडेलवाल, नगर संयोजक लक्ष्मण दीक्षित, सह संयोजक नैतिक शर्मा, प्रिंस अरोड़ा, हर्ष चौहान, दृश्य उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय, नगर सह सुरक्षा प्रमुख ललित चौधरी का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन तरुण शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।