Visitors have accessed this post 23 times.

सिकंदराराऊ : चैत्र नवरात्रि के छठे दिन मंगलवार को देवी भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ मां भगवती के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही क्षेत्र के मंदिरों और घरों में भक्ति का माहौल देखने को मिला। भक्तों ने माता रानी के जयघोषों के साथ पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। भोर होते ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्त हाथों में जल से भरे लोटे और पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जलाभिषेक कर माता की परिक्रमा की। घरों में भी लोगों ने लौंग और कपूर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और व्रत रखकर माता रानी से मनोकामनाएं मांगीं। कस्बे के प्रमुख मंदिरों जैसे नगला शीशगर स्थित सिद्धपीठ मां ब्रजेश्वरी पथवारी माता मंदिर, पीपल वाली माता मंदिर, मां चामुंडा मंदिर, शिवालय वाली काली माता, केला माता मंदिर और संतोषी माता मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर तक मंदिरों में भारी भीड़ रही। शाम के समय मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय हो गया। माता रानी का आकर्षक श्रृंगार किया गया और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए। पूरे दिन मंदिरों से लेकर घरों तक भक्ति की बयार बहती रही और जय माता दी के जयघोषों से वातावरण गूंजता रहा।

INPUT – NEERAJ GUPTA