Visitors have accessed this post 22 times.
जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के ग्राम मांगरू स्थित लगभग 300 वर्ष प्राचीन सिद्धपीठ बनखंडी महादेव मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों और किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंदिर परिसर में स्थित पौराणिक कुंदा कुंड की बदहाल स्थिति को लेकर अब यह मुद्दा गंभीर रूप ले चुका है। भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने सैकड़ों गांवों के किसानों और हजारों शिवभक्तों की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कुंदा कुंड के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से महाशिवरात्रि और फागुन मेले के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन मंदिर परिसर में स्थित कुंदा कुंड इस समय उपेक्षा का शिकार है। देखरेख के अभाव में कुंड पूरी तरह सूख चुका है, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि कुंड का गहरीकरण कराया जाए और उसमें स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही दूषित जल के परिशोधन की उचित व्यवस्था भी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। इसके अलावा लोगों ने मंदिर को मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना में शामिल कर इसे एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की भी मांग की है। कुंड के चारों ओर पक्के घाट, हाईमास्ट सोलर लाइट और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की अपील की गई है। वहीं, क्षेत्रीय किसानों और श्रद्धालुओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे गंगा जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए लखनऊ के लोक भवन तक पहुंचकर अपनी मांग सरकार के सामने रखेंगे।
INPUT – RAHUL SHARMA











