Visitors have accessed this post 45 times.
हाथरस। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय द्वारा रविवार को सादाबाद ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊंचागांव और जैतई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊंचागांव में निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौहान, फार्मासिस्ट राजीव कुमार गर्ग एवं रेनू स्वीपर/चौकीदार उपस्थित पाए गए। उस समय तक ओपीडी में 16 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें सर्दी-जुकाम, खुजली, बुखार तथा ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज शामिल थे।
हालांकि केन्द्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और सख्त निर्देश दिए कि प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल में 6 बेड उपलब्ध मिले तथा कूलर व पंखे चालू अवस्था में पाए गए। ईडीएल मानक के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष 156 दवाएं उपलब्ध थीं। इस पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट को निर्देशित किया कि शेष दवाओं की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
जांच सुविधाओं के संबंध में जानकारी देते हुए फार्मासिस्ट ने बताया कि लैब टेक्नीशियन की तैनाती न होने के कारण ब्लड शुगर, मलेरिया, डेंगू, ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन जैसी जांचें स्वयं ही करनी पड़ रही हैं।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जैतई सादाबाद में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पभास उपाध्याय, फार्मासिस्ट चंद्रशेखर, वार्ड बॉय सुनील कुमार एवं गोपाल सिंह उपस्थित मिले।
ओपीडी में 22 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। जांच किट, आवश्यक दवाएं, ओआरएस पैकेट और आई ड्रॉप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थे। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ पाई गई।
यहां भी 6 बेड उपलब्ध थे और कूलर-पंखे सुचारु रूप से कार्यरत पाए गए। ईडीएल मानक के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष 170 दवाएं उपलब्ध थीं। साथ ही पेयजल की व्यवस्था भी उचित पाई गई।
सीएमओ ने जैतई केन्द्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और इसी प्रकार सेवाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।









