Visitors have accessed this post 38 times.

सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशन में हीट वेव (लू) से बचाव एवं राहत हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सिंह ने छात्र-छात्राओं को लू लगने के लक्षणों और उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने बताया कि लू लगने पर शरीर की त्वचा गर्म, लाल व शुष्क हो जाती है तथा पसीना आना बंद हो सकता है। इसके अलावा तेज सांस चलना, पल्स का बढ़ना, व्यवहार में परिवर्तन, भ्रम की स्थिति, सिरदर्द, मिचली, थकान, कमजोरी और चक्कर आना इसके प्रमुख लक्षण हैं।प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने छात्रों को सलाह दी कि वे अधिक मात्रा में पानी एवं नींबू पानी का सेवन करें तथा दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। उन्होंने कहा कि धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें, हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें और धूप का चश्मा, टोपी, छाता आदि का उपयोग करें। उन्होंने यह भी बताया कि यदि खुले में कार्य करना पड़े तो सिर, चेहरा, हाथ और पैरों को गीले कपड़े से ढकें तथा घर में ओआरएस घोल की व्यवस्था अवश्य रखें। इस अवसर पर संजय कुमार, विनय कुमार, श्रीमती नीरज गुप्ता, अशोक कुमार, महेंद्र प्रकाश सैनी, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा, सतीश कुमार, यश कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

INPUT – DEV PRAKASH