Visitors have accessed this post 12 times.
हाथरस जनपद के मुरसान क्षेत्र में गांव गोलनगर के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान थाना चंदपा क्षेत्र के गांव चाचपुर निवासी लालकृष्ण उर्फ काका पुत्र विजेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार लालकृष्ण मंगलवार रात करीब 10 बजे सादाबाद क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तभी बुधवार सुबह सूचना मिली कि मुरसान क्षेत्र के गांव गोलनगर के पास सड़क किनारे उसकी बाइक और शव पड़ा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
INPUT – VIRENDRA SHARMA











