Visitors have accessed this post 8 times.
हाथरस जनपद में वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से बुलियन और सोना न खरीदने की अपील के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सर्राफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में राज्य कर विभाग की ओर से रमेश सिंह, संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्यकर मथुरा संभाग मथुरा, राजकुमार सिंह, उपायुक्त राज्यकर खंड-01, प्रदुमन गुप्ता, उपायुक्त राज्यकर खंड-02 हाथरस तथा हरिनाथ यादव, सहायक आयुक्त राज्यकर खंड-02 हाथरस उपस्थित रहे। वहीं सर्राफा कमेटी (रजि.) हाथरस के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनमूर्ति शर्मा, सुरेश अग्रवाल सहित जनपद के 100 से अधिक सर्राफा व्यापारी बैठक में शामिल हुए। 
बैठक में अधिकारियों ने व्यापारियों से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए ठोस सोना (बुलियन) एवं गोल्ड बार की खरीद-बिक्री न करने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने बताया कि बुलियन और गोल्ड बार की बिक्री कम होने से सोने के आयात में कमी आएगी, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम होगा। साथ ही लोगों को पुराने स्वर्ण आभूषणों को रिसायकिल और रिडिजाइन कर नए आभूषण बनवाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने प्रधानमंत्री की अपील के महत्व को विस्तार से समझाते हुए व्यापारियों से सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद सर्राफा व्यापारी संगठनों के सभी पदाधिकारियों ने सरकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।









